लखनऊ, 6 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (एमएलसी)के चुनाव की मतगणना रविवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई। विधान परिषद पर 28 सीटों पर हुए चुनाव में अभी चार सीटों के नतीजे आए हैं। इन चारों सीटों पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने बाजी मारी है।
लखीमपुर खीरी से सपा प्रत्याशी शशांक यादव ने जीत हासिल की है। शशांक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी इतेन्द्र सिंह को हराया। सुल्तानपुर जिले से सपा प्रत्याशी शैलेन्द्र सिंह ने जीत हासिल की है। शैलेन्द्र यहां 1,841 वोटों पाकर विजयी हुए हैं।
बदायूं से भी सपा प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। बदायूं सीट से सपा के बनवारी सिंह यादव ने जीत हासिल की। वहीं बरेली से सपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी जीत गए हैं। घनश्याम अपने प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी से 1,323 वोटों से जीते हैं।
सुबह आठ बजे से 57 जिलों में मतगणना जारी है। अपराह्न् 12 बजे तक सभी नतीजे आ जाएंगे।
एमएलसी की 28 सीटों के लिए तीन मार्च को मतदान हुआ था, जिसमें कुल 97 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई। मतगणना स्थल पर प्रांतीय सशस्त्रबल(पीएसी) व सशस्त्र पुलिस तैनात है।
dharmpath.com dharmpath