भोपाल, 6 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को खास अंदाज में मनाने के प्रयास जारी हैं। महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच को व्यक्त करने के लिए महिला बाल विकास विभाग ने अभियान चला रखा है और इसके तहत सभी पुरुषों से इस दिन गुलाबी वस्त्र पहनने का आग्रह किया है।
राज्य में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को महिला सशक्तिकरण थीम पर मनाए जाने की तैयारी जारी है। इस दिन पुरुष गुलाबी वस्त्र पहनेंगे। इसके लिए पुरुष वर्ग के बीच जाकर अभियान चलाया जा रहा है।
महिला बाल विकास विभाग की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार बीते एक दशक में महिला सशक्तिकरण के लिए राज्य में कई कदम उठाए गए हैं, लिहाजा इस वर्ष ‘महिला सशक्तिकरण का एक दशक’ थीम पर कार्यक्रम होंगे, जो आठ से 15 मार्च तक चलेंगे।
महिलाओं पर बने कानून और उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए चलाई जा रही योजना के बारे में व्यावहारिक रूप से जानकारी दी जाएगी। प्रदेश के 52 हजार गांव में आठ मार्च को विशेष ग्राम-सभा होगी। इसी दिन विशेष महिला जन-सुनवाई और नारी शक्ति चौपाल भी लगाई जाएगी। महिलाओं को उनके विरुद्घ होने वाले अपराध से निपटने की कार्यवाही से संबंधित जानकारी देने के लिए नौ मार्च को महिलाओं को थाने का भ्रमण करवाया जाएगा। इस दौरान उन्हें थाने में प्राथमिकी लिखने के संबंध में भी बताया जाएगा।
इसी तरह 10 मार्च को अपराधों के खिलाफ न्यायालयीन प्रक्रिया के बारे में जानकारी देने के लिए महिलाओं को जिला अदालत का भ्रमण कराया जाएगा। 11 मार्च को खासतौर पर महिलाओं के लिए रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। बैंक और पोस्ट-अफिस से संबंधित जानकारी देने के लिए 12 मार्च को उन्हें इन स्थानों का भ्रमण करवाया जाएगा। महिलाओं के लिए 14 मार्च को विशेष शिविर लगाकर डायबिटीज, ब्लड-प्रेशर, सीवीसी, आंखों और वजन का अनिवार्य रूप से परीक्षण किया जाएगा। नशा-मुक्ति के बारे में जानकारी देने के लिए 15 मार्च को उन्हें शराब, धूम्रपान, गुटखा, तम्बाकू, जुआ आदि व्यसन से मुक्ति के उपाय भी बताए जाएंगे। इसी दिन महिला प्रधान भारतीय फिल्म का भी प्रदर्शन होगा।
dharmpath.com dharmpath