गुजरात में हाईअलर्ट के बाद सुरक्षा कड़ी

अहमदाबाद, 6 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादियों की घुसपैठ की आशंकाओं के बीच जारी हाईअलर्ट के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस बीच, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) की दो टीमें रविवार को यहां पहुंचीं।

राज्य के गृहमंत्री रजनीकांत पटेल ने यहां संवाददाताओं को बताया, “गुजरात पुलिस हाई अलर्ट पर है। राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को एनएसजी की टीमें भेजने के लिए कहा था, जो पहुंच चुकी है। हमने हाईअलर्ट जारी किया है और सभी प्रमुख प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी है।”

यहां आतंकवादियों की घुसपैठ की खुफिया जानकारी के बाद सुरक्षा तंत्र सक्रिय हो गया है। पूरे गुजरात खाकर पाकिस्तान से लगने वाले समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दरअसल, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने राज्य में कुछ संदिग्ध फिदायीनों की घुसपैठ को लेकर आगाह किया था, जिसके बाद सुरक्षा इंतजाम कड़े किए गए हैं।

इससे पहले पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नसीर जांजुआ ने डोभाल को फोन कर आशंका जताई थी कि पाकिस्तान के दो संगठनों के करीब 10 आतंकवादियों ने गुजरात में घुसपैठ की है।

अधिकारियों का कहना है कि पुलिस होटलों और अतिथि गृहों में जांच कर रही है। सुरक्षा बल मॉल, सिनेमाघरों और बस स्टैंडों पर भी जांच कर रहे हैं। जो सुरक्षाकर्मी छुट्टी हैं, उन्हें वापस बुला लिया गया है।

पाकिस्तान की सीमा से जुड़े कच्छ जिले के अलावा गुजरात के उन इलाकों में भी गश्त व जांच बढ़ा दी गई है, जिनकी सीमाएं राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से जुड़ी हैं।

सोमनाथ और द्वारका, अक्षरधाम मंदिर सहित अन्य ऐतिहासिक स्थलों, बांधों और बिजली संयंत्रों पर तैनात सुरक्षा बलों को हाईअलर्ट पर रखा गया है।

अक्षरधाम मंदिर में 24 सितंबर, 2002 में आतंकवादी हमला हुआ था।

केंद्रीय एजेंसिया पिछले तीन महीनों में कच्छ तट पर सर क्रीक के पास लावारिस हालत में मिलीं मछली पकड़ने वाली पांच नौकाओं की जांच कर रही है। इनमें से एक नौका के बारे में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को शुक्रवार को गश्त के दौरान पता चला था।

शुक्रवार को बरामद नौका 20 फुट लंबी और 10 फुट चौड़ी है। इसमें राशन, पानी के जग, मछली पकड़ने वाली जालें, क्रैब, डीजल और चटाइयां भी मिली हैं।

इस बीच, गुजरात के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) पी. के. तनेजा ने सुरक्षा बलों, पुलिस, खुफिया ब्यूरो और अर्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493