रियो डी जेनेरियो, 6 मार्च (आईएएनएस)। रियो में इस साल होने वाले ओलम्पिक खेलों से पहले अपनी तैयारियों को मूर्त रूप देने के मकसद से ब्राजील ने मार्च में नाइजीरिया और दक्षिण अफ्रीका के साथ अभ्यास मैच खेलने का फैसला किया है।
नाइजीरिया के साथ उसका मुकाबला 24 मार्च को होना है। यह मैच विटोरिया में होगा। इसके तीन दिन बाद ब्राजीली टीम 27 मार्च को अलागोआस में दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगी।
इन दो मैचों के लिए ब्राजील ने 23 खिलाड़ियों का चयन किया है। राष्ट्रीय कोच डुंगा और सहायक आउड्रे लोपेज ने टीम का चयन किया।
इस टीम में बार्सिलोना के लिए खेलने वाले अटैकिंग मिडफील्डर राफिन्हा अल्सांट्रा को भी शामिल किया गया है। वह गम्भीर घुटने की चोट से उबर रहे हैं। ऐसे में टीम में उनको शामिल करना सबको चौंकाता है।
राफिन्हा के अलावा इस टीम में नौ ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो यूरोप के अलग-अलग क्लबों के लिए खेलते हैं।
dharmpath.com dharmpath