नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को केंद्र सरकार पर गरीबों, जनजातीय समुदाय और वंचित वर्ग के लोगों की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके से कांग्रेस के विधायकों और जनजातीय समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल से अपने आवास पर मुलाकात के बाद राहुल ने कहा, “छत्तीसगढ़ के बस्तर और अन्य इलाके से जनजातीय समुदाय के लोग मुझसे मिलने आए थे। उन्होंने मुझसे कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार उनकी आवाज दबा रही है।”
कांग्रेस नेता ने कहा, “आपने हैदराबाद में रोहित वेमुला की आवाज दबाई। यहां हमारे विद्यार्थियों और कन्हैया कुमार (जवाहर लाल नेहरू छात्र संघ अध्यक्ष) को धमकियां दी जा रही हैं। जहां भी गरीब, दलित, किसान, छोटे व्यापारी अपना अधिकार मांग रहे हैं, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार उनका दमन करने में लगी है।”
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, “यही गरीब लोग देश की असली ताकत हैं। वस्तुत: यही देश चला रहे हैं। यदि कोई कानून तोड़ता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन गरीबों को धमकाना व उनकी आवाज दबाना किसी के लिए भी अच्छा नहीं है।”
उन्होंने कहा, “मोदी जी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) ने संसद में मुझ पर व्यक्तिगत हमला किया। उनकी पार्टी के लोग हर दिन मुझ पर व्यक्तिगत हमले करते हैं। मुझे इसकी फिक्र नहीं, लेकिन कृपया गरीबों व वंचितों पर जुल्म न ढाएं।”
dharmpath.com dharmpath