गुड़गांव, 7 मार्च (आईएएनएस)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को उद्यमियों और संभावित निवेशकों को राज्य में निवेश करने पर सरकार द्वारा हरसंभव मदद देने और व्यापार में मदद का वादा किया।
उन्होंने प्रदेश के औद्योगीकरण के लिए प्रमुख आर्थिक नीतियों में सुधार का संकेत भी दिया।
खट्टर ने दो दिवसीय ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इंवेस्टर्स सम्मलेन’ के उद्घाटन कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान कहा, “मैं आपसे वादा करता हूं कि मेरी सरकार आपको बिना हिचक हर संभव मदद का वादा करती है, भले ही इसके लिए सरकार को विशेष पहल ही क्यों न करनी पड़े। हम आने वाले दिनों में कुछ प्रमुख आर्थिक नीतियों में सुधार करने वाले हैं।”
पिछले साल 11 अगस्त को एंटरप्राइज प्रमोशन पॉलिसी की घोषणा की गई थी और 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया था।
उन्होंने कहा, “मुझे राज्य के मुख्य सचिव ने बताया कि इस लक्ष्य से 200 फीसदी ज्यादा निवेश प्राप्त हुआ है।”
खट्टर ने कहा कि उनकी सरकार ने फैक्ट्री कानून और मजदूरी भुगतान कानून में बदलाव का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार निवेशकों को आसानी के लिए कई कदम उठा रही है। उन्होंने हरियाणा में भूमि उपयोग बदलने संबंधी कानून में सुधार, ई-बिज पोर्टल की शुरुआत और तीन स्तरीय शिकायत निवारण प्रणाली शुरू करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के भूभाग के महज 1.34 फीसदी हिस्सा और केवल 2.09 फीसदी आबादी होने के बावजूद हरियाणा देश के सकल घरेलू उत्पाद में 3.51 फीसदी और निर्यात में 4.2 फीसदी का योगदान करता है।
उन्होंने इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन, क्रेज रिपब्लिक, जापान, मॉरिशस, मालाबी, न्यूजीलैंड, पेरू, दक्षिण कोरिया, स्पेन, ट्यूनीशिया, ब्रिटेन और कनाडा के ओंटारियो प्रांत के प्रतिनिधियों का आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा, “आने वाले विधानसभा सत्र में हम हरियाणा एंटरप्राइजेज विधेयक 2016 पारित करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने उद्यमियों और निवेशकों से इस विधेयक में सुधार के लिए सलाह देने को कहा।
dharmpath.com dharmpath