भोपाल में मुख्यमंत्री आवास मार्ग पर दिखी नारी शक्ति

भोपाल, 8 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास मार्ग पर नारी शक्ति का प्रदर्शन किया गया। लगभग एक किलोमीटर लंबा यह रोड शो ‘महिला सशक्तीकरण के दस वर्ष’ की थीम पर आधारित था। इस रोड शो में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ शामिल हुए।

मुख्यमंत्री आवास से शुरु हुए रोड शो बीते दस वर्षो में बालिका और महिला कल्याण के लिए शुरू की गई योजनाओं को प्रदर्शित करने वाला था। इसमें लाड़ली लक्ष्मी योजनाओं की बालिकाओं ने मुख्यमंत्री को बैज लगाया।

मुख्यमंत्री ने बालिकाओं को पुष्पगुच्छ और टाफियां भेंट कीं। रोड शो की शुरुआत शौर्या दल और बैंड के साथ हुआ। शो के दौरान मुख्यमंत्री निवास के बाहर से जेंडर चैंपियन शामिल हुए।

इसी दौरान श्यामला हिल्स चौराहे पर महिलाओं के पक्ष में सिग्नेचर कम्पेन आयोजित हुआ। इसमें मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि ‘हर दिन बेटियों और बहनों का हो, इसके लिए प्रयास करूंगा।’

यह रोड शो आगे बढ़ा और उसमें आकाशवाणी भवन से महिला खिलाड़ियों और मानस भवन से साइकिल योजना की हितग्राहियों ने भागीदारी की।

रोड शो के दौरान तेजस्विनी समूह की महिलाओं ने लोक नृत्य प्रस्तुत किया। इस दौरान पोलिटेक्निक चौराहे पर गुब्बारे छोड़े गए और महिला-कल्याण की योजनाओं पर केंद्रित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। यह रोड शो रवींद्र भवन पर जाकर खत्म हुआ। इस रोड शो में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।

इससे पहले मुख्यमंत्री निवास से मुख्यमंत्री चौहान ने शक्तिरथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ पूरे प्रदेश में महिला-कल्याण की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगा। इस अवसर पर महिला-बाल विकास मंत्री माया सिंह भी उपस्थित थीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493