जेएनयू के छात्र ने आत्महत्या की

नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के 28 वर्षीय छात्र ने यहां किराये के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि दुष्यंत दीक्षित (28) का शव सुबह में दक्षिणी दिल्ली के बेर सराय इलाके में स्थित एक निजी पेइंग गेस्ट हाउस ‘गार्डियन हॉस्टल’ में उसके कमरे 602 में मिला। उसका कमरा चौथी मंजिल पर था।

सुबह करीब 9.43 बजे 100 नंबर पर फोन कर पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर)को घटना की सूचना दी गई थी।

पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला कि दुष्यंत कुछ पारिवारिक वजहों से तनाव में था। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के धनेटा गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रेम नाथ ने आईएएनएस को बताया कि छात्र कमरे में अकेला रहता था।

प्रेम नाथ ने आईएएनएस को बताया, “गुरुवार सुबह करीब नौ बजे उसके एक दोस्त ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसे कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका के चलते उसने एक मेज पर चढ़कर कमरे के रोशनदान से अंदर देखा। उसे छात्र का शव पंखे से लटका दिखा। उसने तुरंत शोर मचाया।”

डीसीपी से पूछा गया कि उन्हें क्या लगता है कि छात्र ने यह जानलेवा कदम जेएनयू विवाद या अपनी पढ़ाई से संबंधित किसी वजह से उठाया है? उन्होंने कहा, “इस छात्र की आत्महत्या का जेएनयू विवाद या उसकी पढ़ाई से जुड़ी समस्या से कोई लेना-देना नहीं है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493