मणिपुर में निर्माण स्थल पर हथियारबंद गिरोह का हमला

इम्फाल, 11 मार्च (आईएएनएस)। मणिपुर के थॉबाल जिले में गुरुवार शाम हथियारबंद गिरोह ने श्रमिकों के एक समूह पर हमला किया और 2.30 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमला सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की चौकी से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक निर्माण स्थल पर हुआ।

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, हथियारबंद गिरोह के सदस्य नागालैंड से हो सकते हैं।

हमले में घायल एक श्रमिक ने आईएएनएस को बताया कि हथियारबंद गिरोह ने थॉबाल के हीरोक में बैराज के निर्माण स्थल पर हमला कर दिया।

नाम न जाहिर करने की शर्त पर श्रमिक ने बताया, “उन्होंने डंडों से हमारी पिटाई शुरू कर दी और ठेकेदार के बारे में पूछा।”

हथियारबंद गिरोह के सदस्य वहां मारपीट, तोड़फोड़ मचाने के बाद 2.30 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। ये रुपये श्रमिकों को भुगतान और निर्माण सामग्री की खरीद के लिए यहां रखे गए थे।

एक अन्य कर्मचारी ने कहा, “वे पैसे ले गए। उन्होंने हमसे और वहां मौजूद कुछ घरेलू पर्यटकों से छह मोबाइल फोन भी छीन लिए।”

उल्लेखनीय है कि मणिपुर में निर्माण स्थलों पर हमले की कई घटनाएं सामने आ रही हैं। तामेंगलोंग जिले से भी निर्माण कार्यो में लगे कर्मचारियों के अपहरण तथा बम विस्फोटों की खबरें हैं, जहां सुरंग व रेल लाइन का निर्माण चल रहा है।

मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह ने कहा, “इस तरह की घटनाओं के कारण हालांकि निर्माण कार्य में देरी हुई है, लेकिन हमें उम्मीद है कि रेल लाइन का निर्माण कार्य अगले साल फरवरी में पूरा हो जाएगा, जो क्षेत्र को राज्य की राजधानी से जोड़ेगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493