त्रिपुरा में माकपा की 2 दिवसीय विशेष बैठक शुरू

अगरतला, 12 मार्च (आईएएनएस)। त्रिपुरा में सत्तारूढ़ मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) द्वारा सदस्यों को पार्टी के विचारों के बारे में अधिक से अधिक जानकारी देने के लिए दो दिवसीय विशेष बैठक शनिवार को शुरू हो गई।

माकपा के राज्य सचिव बिजान धार ने संवाददाताओं से कहा, “त्रिपुरा माकपा इकाई की विशेष बैठक का उद्देश्य पार्टी के सदस्यों व स्थानीय नेताओं को पार्टी के विचारों के बारे में अधिक से अधिक जानकारी प्रदान करना है। यह उनके लिए अधिक महत्वपूर्ण है, जो हाल में पार्टी में शामिल हुए हैं।”

उन्होंने कहा, “इस बैठक में 400 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इसमें सटीक कार्ययोजना पर भी विचार किया जाएगा।”

बैठक करने का फैसला कोलकाता में बीते साल 27-31 दिसंबर को हुई विस्तृत बैठक के दौरान लिया गया था।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री व माकपा के पोलित ब्यूरो के सदस्य माणिक सरकार, पार्टी की सभी सातों केंद्रीय समिति के सदस्य तथा अन्य वरिष्ठ नेता बैठक को संबोधित करेंगे।

माकपा सेंट्रल कमेटी के सदस्य धार ने कहा कि पार्टी की नियमित तौर पर कक्षाएं चल रही हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं को सही दिशा में बनाए रखने के लिए यह कदम उठा रही है।

धार ने कहा, “पार्टी के सदस्यों की गुणवत्ता हमारे लिए महत्वपूर्ण है। उन्हें सुधारने का अभियान जारी है और यह एक कभी खत्म न होनेवाला कार्य है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493