इंफाल, 12 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नगालैंड के मुख्यमंत्री टी.आर.जेलियांग के बीच बैठक के बाद यह तय किया गया कि राज्यसभा सीट के लिए नगा पीपुल्स फ्रंट के के.जी. केन्ये गठबंधन के सर्वसम्मत उम्मीदवार होंगे।
उल्लेखनीय है कि केन्ये नगा पीपुल्स फ्रंट के महासचिव हैं और यह गबंधन 2003 से सत्ता में है और इनकी पार्टी के सदस्यों की संख्या सर्वाधिक है। गठबंधन में भाजपा, जदयू और डेमोक्रेटिक एलायंस ऑफ नगालैंड भी शामिल हैं। इसके अलावा गठबंधन को बाहर से भी समर्थन मिला हुआ है।
विदित हो कि गत साल नवंबर में खेकिहो झिमोमी की मृत्यु के बाद नगालैंड से राज्यसभा में यह सीट खाली हुई थी जिसे 21 मार्च को भरा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा की इस सीट के लिए प्रधानमंत्री मोदी भाजपा से उम्मीदवार नामित करना चाहते थे। लेकिन शुक्रवार को प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री जेलियांग ने उन्हें कहा कि केन्ये को डेमोक्रेटिक एलायंस ऑफ नगालैंड का भी समर्थन प्राप्त है।
इस बीच नगालैंड प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष विसासोली लाउंज ने कहा, “हमलोग केन्ये का समर्थन करेंगे। हमलोग आश्वस्त हैं कि वे राज्य के लोगों के हित में बहुत कुछ करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath