ओडिशा में 57 नक्सल समर्थकों का आत्मसमर्पण

भुवनेश्वर, 13 मार्च (आईएएनएस)। ओडिशा में रविवार को नक्सलियों के 57 और समर्थकों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें 25 महिलाएं भी शामिल हैं। पिछले एक सप्ताह में आत्मसमर्पण करने वालों की संख्या 315 हो गई है।

आत्मसमर्पण करने वाले ये 57 लोग मलकानगिरी जिले के तमुदा गांव से ताल्लुक रखते हैं।

मलकानगिरी के पुलिस अधीक्षक मित्रभानु मोहपात्रा ने रविवार को कहा कि पिछले सात दिनों में 315 नक्सल समर्थक हिंसा छोड़ चुके हैं और पुलिस के सामने आत्समर्पण कर चुके हैं।

मोहपात्रा ने कहा, “आज (रविवार) आत्मसमर्पण करने वालों में सशस्त्र मिलिशिया के 11 सदस्य और गांव समिति के दो सदस्य शामिल हैं। ये लोग भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी के कलिमेला दलम के लिए काम कर रहे थे।”

उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण करने वालों को राज्य सरकार की नीति के तहत पुनर्वासित किया जाएगा।

19 नक्सल समर्थकों ने शनिवार को आत्मसमर्पण किया था। ये सभी गैरकानूनी सीपीआई-माओवादी की दरवा डिविजन के सदस्य थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493