खुद पर छपे कार्टूनों का मैं बुरा नहीं मानता : अखिलेश

लखनऊ , 14 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को एक कार्टून पत्रिका के विमोचन के मौके पर कहा कि उनको लेकर छपे कार्टूनों पर वह बुरा नहीं मानते।

लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यालय में कार्टून पत्रिका ‘टीपू सुल्तान हिम्मते मर्दा’ का विमोचन करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अमेरिकी राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन के उस पत्र का जिक्र किया, जो उन्होंने अपने पुत्र के शिक्षक को लिखा था।

मुख्यमंत्री ने इसी पत्र की बातों का उल्लेख करते हुए कहा कि हर बुरे इंसान में एक अच्छा आदमी होता है। यहां स्वार्थी हैं तो समर्पित साथी भी हैं। दुश्मन हैं तो दोस्तों की भी कमी नहीं है।

अखिलेश यादव ने इस मौके पर अपनी लंबी नाक के राज का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा कि यह बायोलॉजिकल देन है। उनके पिता की भी नाक लंबी है।

मुख्यमंत्री ने बताया, “एक बार फुटबॉल खेलते समय उनकी नाक टूट गई। इलाज के लिए उनके पिता डॉक्टर कक्कड़ के पास ले गए जो राष्ट्रपति का भी इलाज करते थे। डॉक्टर साहब ने चेक करने के बाद कहा कि शादी हो गई है या नहीं। यह बताने पर कि शादी हो गई है, वह बोले कि तब नाक को ठीक कराने की क्या जरूरत है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493