मुंबई, 14 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, 775,000 पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) की बकाया राशि को जारी करने की सोमवार को घोषणा की।
एसबीआई की अध्यक्ष अरूंधति भट्टाचार्य ने कहा कि बैंक इन पेंशनधारकों को फरवरी 2016 तक कुल बकाया राशि की पहली किश्त के रूप में 25 फीसदी रकम जारी करेगा।
उन्होंने कहा कि बैंक ‘परिवार पेंशनधारकों’ तथा ‘वीरता पुरस्कार पेंशनधारकों’ की कुल बकाया राशि सोमवार को ही (14 मार्च) जारी कर देगा।
अध्यक्ष ने यहां एक बयान में कहा कि सभी पेंशनधारकों को मार्च 2016 के बाद संशोधित मूल वेतन मिलेगा।
भट्टाचार्य ने कहा, “एसबीआई देश के लगभग 50 फीसदी रक्षा पेंशनधारकों को पेंशन प्रदान करता है, जो सर्वाधिक हिस्सा है। एसबीआई द्वारा बकाया राशि की पहली किश्त लगभग 1,465 करोड़ रुपये होगी।”
उन्होंने कहा कि रक्षा पेंशनधारकों को बकाया राशि से संबंधित जानकारी प्रदान करने के लिए एसबीआई ने अपने सभी शाखाओं तथा केंद्रस्थ पेंशन प्रसंस्करण केंद्रों में सुविधा उपलब्ध कराई है।
एसबीआई प्रमुख ने कहा कि अधिक से अधिक संख्या में योग्य रक्षा पेंशनधारकों को बकाया राशि निर्धारित करने में बैंक ने बेहद सावधानी बरती है। उन्होंने कहा कि कुछ मामले ऐसे भी हो सकते हैं, जिसमें सूचनाओं के अभाव में बैंक ओआरओपी जारी करने में अक्षम हो सकते हैं।
ऐसे पेंशनधारक अपने पेंशन संवितरण शाखा से संपर्क कर सकते हैं और जल्द से जल्द बकाया राशि के भुगतान का आवेदन कर सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath