कोलकाता, 14 मार्च (आईएएनएस)। जल्द ही आप महज एक क्लिक पर यह जान सकेंगे कि भारत के किस इलाके में कौन से जानवर रहते हैं। ऐसे एक जीआईएस सक्षम वेबआधारित प्लेटफार्म के जरिये होगा जहां जीव जंतुओं के 96,000 प्रजातियों की जानकारी मिलेगी।
जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (जेडएसआई) ने इस परियोजना के बारे में सोमवार को जानकारी देते हुए कहा, “हमने एक संपूर्ण सूची का निर्माण किया है और हर प्रजाति से संबंधित सभी किस्म की जानकारी के लिए एक-एक पृष्ठ समर्पित किया गया है। इसे स्पीसीज पेज नाम दिया गया है। इसके तहत कुल 96,891 प्रजातियों की जानकारियां शामिल की गई है, जो भारत में पाए जाते हैं।”
जेडएसआई के निदेशक कैलाश चंद्र ने बताया, “यह आंकड़े इंडियन स्पेस रिसर्च ऑगेनाइजेशन के भुवन प्लेटफार्म (गूगल का भारतीय संस्करण) पर उपलब्ध होंगे जहां भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) के माध्यम से देखा जा सकेगा।”
उन्होंने कहा कि इस परियोजना का 30 से 40 फीसदी काम पूरा हो चुका है और एक साल में इसे पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जेडएसआई इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश और भारतीय जैव विविधता के केंद्रों में कई गतिविधियां चला रहा है।
dharmpath.com dharmpath