नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। नेशनलिस्ट सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालिम (ईसाक-मुइवा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने नागा वार्ताकार आर.एन. रवि के साथ मंगलवार को गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और बीते साल तीन अगस्त को हुई शांति समझौते के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।
नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालिम (इसाक-मुइवा) के एक वरिष्ठ नेता ने पहचान जाहिर न करने की शर्त पर आईएएनएस से कहा, “आज की बैठक बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि सरकार व एनएससीएन (इसाक-मुइवा) दोनों महत्वपूर्ण मुद्दों पर फैसला करेंगे। समझौते पर हमारी सरकार के साथ कई चरणों की वार्ता हुई है और यह अंतिम निष्कर्ष है। इस बैठक के बाद कई चीजें स्पष्ट हो जाएंगी।”
सूत्रों ने कहा कि कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है, जिसमें नागालैंड के लिए एक अलग झंडे का मुद्दा भी शामिल है।
वरिष्ठ विद्रोही नेता जनरल कोहली कोनयाक द्वारा एनएससीएन (ईसाक-मुइवा) में रविवार को शामिल होने के बाद यह पहली बैठक है। इससे पहले कोहली एनएससीएन (खापलांग) के साथ थे, जिसका बाद में एकीकरण हो गया और वे एनएससीएन (इसाक-मुइवा) में शामिल हो गए।
सरकार नागा शांति समझौते के पूर्ण होने से पहले एनएससीएन के सभी गुटों को वार्ता की मेज पर लाने का प्रयास कर रही है।
बैठक में शामिल केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने मुद्दे पर कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।
dharmpath.com dharmpath