लखनऊ, 16 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यश भारती सम्मान समारोह 21 मार्च को आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कई नामचीन हस्तियों को बेगम अख्तर और अहिल्याबाई पुरस्कार से भी सम्मानित करेंगे।
संस्कृति विभाग की सचिव अनीता सी़ मेश्राम ने अधिकारियों को आयोजन की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि पहली सूची के तहत 22 प्रतिष्ठित व्यक्तियों का यश भारती सम्मान के लिए चयन किया जा चुका है, दूसरी सूची की चयन प्रक्रिया जारी है।
विभाग के सूत्रों के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए मशहूर शायर अनवर जलालपुरी, इतिहासकार इरफान हबीब, पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा, फिल्म निर्माता विशाल भारद्वाज, फिल्म अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ़ नरेश त्रेहान, गायिका कमला श्रीवास्तव, कथक नृत्यांगना कुमकुम आदर्श, गजल गायक इकबाल सिद्दीकी, व्यंग्यकार अशोक चक्रधर और गायिका सुरभि रंजन का चयन हुआ है।
इनके अतिरिक्त करीब 20 लोगों की एक और सूची सरकार के पास विचाराधीन है।
dharmpath.com dharmpath