सर्वे रिपोर्ट ने समय पर जगाया : अखिलेश

लखनऊ, 18 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘आईएएस वीक’ के दौरान शुक्रवार को कहा कि पिछले दिनों जो सर्वे रिपोर्ट आई है, उसने सरकार को सही समय पर जगा दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बचे एक साल में वह जनता के बीच जाएंगे और अपनी उपलब्धियां बताकर वोट मांगेंगे।

समारोह को संबोधित करते हुए अखिलेश ने यह आशंका भी जताई कि हो सकता है, विपक्ष ने भ्रम फैलाने के लिए ये सर्वे रिपोर्ट तैयार कराई हो। उन्होंने कहा, “इसका फायदा ही हुआ कि हम अलर्ट हो गए हैं।”

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा, “आप लोग किसी तरह की गलतफहमी न रखें, अगली सरकार भी हमारी ही होगी, इसलिए योजनाओं को पूरा करने में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

उप्र आईएएस एसोसिएशन के ओर से आयोजित आईएएस वीक में उन्होंने कहा, “हमें सब पता है, कौन क्या कर रहा है। जो अधिकारी अच्छा काम कर रहे हैं, उन्हें धन्यवाद! जो काम में ढिलाई कर रहे हैं, वे कार्रवाई के लिए तैयार रहें।”

उन्होंने कहा, “अधिकारियों पर कार्रवाई होती है तो जनता खुश होती है और हमारा वोट बैंक बढ़ता है।”

अखिलेश ने अधिकारियों से एक साल के अंदर जनता और विकास से जुड़ी अधूरी योजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।

सर्वे रिपोर्ट पर अखिलेश ने कहा, “अगर अभी चुनाव कराए जाएं तो समाजवादी पार्टी की ही सरकार बनेगी, ये हमारी रिपोर्ट कहती है।”

गौरतलब है कि एक सर्वे रिपोर्ट में 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा को बसपा और भाजपा के बाद तीसरे स्थान पर दिखाया है।

इस पर अखिलेश ने बसपा-भाजपा को चुनौती दी कि वे काम से तुलना कर लें। सपा सरकार के मुकाबले सड़क, बिजली से लेकर अन्य योजनाओं में इस सरकार से ज्यादा किसी ने काम नहीं किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493