कोलकाता, 18 मार्च (आईएएनएस)। श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान का कहना है कि वह गुरुवार को अफगानिस्तान के साथ हुए मुकाबले में टीम को अपने बलबूते पर जीत दिलाना चाहते थे।
टी-20 विश्व कप में गुरुवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को छह विकेट से हराया।
मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन मे दिलशान ने कहा, “जब मैंने देखा कि मुझे शुरुआत मिल गई है, तो फिर मैं लड़खड़ाना नहीं चाहता था। मैं चाहता था कि युवा खिलाड़ी मेरे साथ बल्लेबाजी करें। काफी खुश हूं, जिस तरह से मैच की पारियां खेली गईं।”
श्रीलंका के 39 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा कि ईडन गार्डन्स स्टेडियम में रन बनाना और विकेट लेना आसान काम नहीं है।
दिलशान ने कहा, “विकेट पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। विशेषकर स्पिन गेंदबाजों के साथ। यही एक कारण था कि मैं खेल में बने रहना चाहता था।”
सलामी बल्लेबाज ने कहा कि वह अपने इस प्रदर्शन को आगामी मैचों में बरकरार रखना चाहते हैं और उन्हें खुशी होगी अगर टीम अंतिम चरण तक टूर्नामेंट में बनी रहे।
dharmpath.com dharmpath