वाराणसी, 19 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक नगरी वाराणसी में शहनाई के शहंशाह मरहूम उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की 100वीं जयंती पर देशभर के नामचीन कलाकार काशी में जुटेंगे।
संस्कृति मंत्रालय की पहल पर शनिवार से नागरी नाटक मंडली में चार दिवसीय ‘सुर बनारस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
संगीत अकादमी की देखरेख में होने वाले इस कार्यक्रम में शहनाई, बांसुरी, वायलिन वादन के साथ-साथ ध्रुपद गायन और कथक के जरिए शहनाई सम्राट को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
पहले दिन शाम पांच बजे इसका आगाज होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ जगदीश प्रकाश समूह (दिल्ली) के शहनाई वादन से होगा।
इसके बाद लखनऊ के हरिमोहन श्रीवास्तव का बासुरी वादन, दिल्ली के लोकेश आनंद का शहनाई वादन, दिल्ली के रूपक कुलकर्णी का बांसुरी वादन एवं वाराणसी के देवाशीष डे का शास्त्रीय गायन होगा।
समापन 22 मार्च को हरिप्रसाद चौरसिया के बांसुरी वादन एवं पद्भूषण पं़ छन्नूलाल मिश्र के गायन से होगा।
dharmpath.com dharmpath