लालू, नीतीश के आवास पर होली का धमाल गुरुवार को

पटना, 23 मार्च (आईएएनएस)। ‘कुर्ताफाड़ होली’ के लिए मशहूर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद के आवास पर इस वर्ष गुरुवार को होली का धमाल होगा। इस बार लालू-राबड़ी देवी के सरकारी आवास, 10 सर्कुलर रोड पर होली की तैयारी पूरे शबाब पर है। हालांकि कुर्ताफाड़ होली के लिए मशहूर लालू के यहां इस बार व्यवस्थित ढंग से होली मनेगी।

राजद प्रवक्ता प्रगति मेहता ने बताया कि लालू प्रसाद के आवास पर बुधवार शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें होली का हुड़दंग देखने को मिलेगा। लालू गुरुवार को अपने दोनों बेटों और बिहार के मंत्री तेज प्रताप तथा तेजस्वी यादव के साथ मौजूद रहेंगे। वह लोगों से मिलेंगे और होली मनाएंगे।

राजद के एक नेता की मानें तो लालू प्रसाद के दोनों बेटों के मंत्री बनने के बाद इस पहली होली की तैयारी में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही है। होली के दिन आने वाले लोग पुआ-पकवान के साथ मटन-चावल का भी मजा लेंगे।

इस समारोह में भाग लेने के लिए तेजस्वी और तेज प्रताप के निर्वाचन क्षेत्र राघोपुर और महुआ के कई लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इस मौके पर राजद के विधायक, सांसद और कार्यकर्ता भी लालू आवास पहुंचेंगे।

इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर भी गुरुवार को होली का त्योहार मनाया जाएगा। वैसे मुख्यमंत्री आवास पर बुधवार को भी जद(यू) के कई नेता पहुंचे।

मुख्यमंत्री सचिवालय के एक अधिकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री आवास में ढोल-मंजीरे की थाप पर होली खेली जाएगी। गुरुवार सुबह 11 बजे से मुख्यमंत्री आवास लोगों के लिए खोल दिया जाएगा और दोपहर बाद एक बजे तक होली मिलन होगा।

जद (यू) के एक नेता ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास आने वाले लोगों को पुलाव, पूरी-कचौरी, कई तरह के पुए, पकौड़े, बचका व ठंडई परोसे जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493