भाजपा के निर्मल सिंह जम्मू एवं कश्मीर के उप मुख्यमंत्री होंगे (लीड-1)

जम्मू, 25 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को निर्मल सिंह को जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा में अपना नेता चुन लिया और उन्हें पीडीपी -भाजपा गठबंधन की नई सरकार में उप मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किया। सरकार का नेतृत्व पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती करेंगी।

भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत पाल शर्मा ने यह बात कही।

शर्मा ने कहा कि राज्य में पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार का नेतृत्व करने के लिए भाजपा ने मुफ्ती मोहम्मद सईद की पुत्री महबूबा मुफ्ती का समर्थन करने का फैसला किया है।

विदित हो कि निर्मल सिंह मुफ्ती मोहम्मद की सरकार में भी उप मुख्यमंत्री रहे हैं। सईद के नेतृत्व में पीडीपी-भाजपा की गठबंधन सरकार दस माह तक 7 जनवरी को उनके निधन तक चली।

विगत 8 जनवरी से ही जम्मू एवं कश्मीर में राज्यपाल शासन लागू है।

बैठक में भाजपा विधायकों के अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह और भाजपा के जम्मू एवं कश्मीर के प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने भी शिरकत की।

सूत्रों के अनुसार, राम माधव ने पार्टी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को हाल की घटनाओं और प्रधानमंत्री से पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की मंगलवार को हुई मुलाकात के बारे में बताया।

भाजपा सूत्र ने आईएएनएस से कहा, “कोई नई शर्त स्वीकार नहीं की गई है। गठबंधन के लिए पहले बने एजेंडे के आधार पर ही पीडीपी-भाजपा गठबंधन बना रहेगा।”

कठुआ-उधमपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद जितेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों दलों के प्रदेश अध्यक्षों के राज्यपाल एन.एन. वोहरा से अलग-अलग मिलने से पहले भाजपा-पीडीपी समन्वय समिति की बैठक होगी।

अगर सरकार महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व में बनेगी तो वह राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री होंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493