पटना, 25 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद लालमुनि चौबे का शुक्रवार को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे।
भाजपा के एक नेता ने शुक्रवार को यहां बताया कि चौबे कुछ दिनों से बीमार थे और उनको इलाज के लिए दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था।
चौबे बक्सर संसदीय क्षेत्र से 1996 से लेकर 2009 तक लगातार चार बार सांसद रहे थे। उनका जन्म छह सितम्बर, 1942 को भभुआ के कुरई गांव में हुआ था और वर्ष 1972 में पहली बार बिहार के चैनपुर से विधायक चुने गए थे।
परिवारिक सूत्रों के अनुसार, चौबे का अंतिम संस्कार शनिवार को वाराणसी में होगा।
चौबे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के काफी नजदीकी थे और अपने क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। पिछले लोकसभा चुनाव में बक्सर से उनका टिकट काटकर अश्विनी चौबे को दे दिया गया था, जिससे वह काफी नाराज हुए थे और निर्दलीय नामांकन का पर्चा दाखिल किया था। बाद में हालांकि नरेंद्र मोदी के आश्वासन पर उन्होंने नामांकन वापस ले लिया था।
उनके निधन पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय राज्यमंत्री राम पाल यादव और गिरिराज सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
dharmpath.com dharmpath