जम्मू, 25 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) को समर्थन जारी रखने की बात दोहराई ताकि पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व में जम्मू एवं कश्मीर में नई सरकार का गठन किया जा सके।
भाजपा ने निर्मल सिंह को जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा में अपना नेता चुन लिया और उन्हें पीडीपी-भाजपा गठबंधन की नई सरकार में उप मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किया।
पीडीपी विधायक दल ने महबूबा को गुरुवार को अपना नेता चुना था।
भाजपा महासचिव राम माधव ने संवाददाताओं को बताया, “भाजपा-पीडीपी की संयुक्त समन्वय समिति की बैठक के बाद दोनों नेता राज्यपाल एन. एन. बोहरा से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। ये दोनों राज्यपाल से कब मिलेंगे, इसका फैसला अभी होना है।”
राम माधव भाजपा के कश्मीर मामलों के प्रभारी हैं। वह यहां पार्टी विधायक दल की बैठक के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल शर्मा ने कहा कि राज्य में पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार का नेतृत्व करने के लिए भाजपा ने मुफ्ती मोहम्मद सईद की पुत्री महबूबा मुफ्ती का समर्थन करने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल ने निर्मल सिंह को अपना नेता चुना है और वह नई सरकार में उप मुख्यमंत्री होंगे। शर्मा ने कहा कि नई सरकार का दावा पेश करने से पहले दोनों दलों को कुछ मुद्दों पर बात करनी है।
उन्होंने कहा कि नई सरकार के गठन में ‘दो-तीन दिन’ लग सकते हैं।
निर्मल सिंह, मुफ्ती मोहम्मद सईद की सरकार में भी उप मुख्यमंत्री थे। सईद के नेतृत्व में पीडीपी-भाजपा की गठबंधन सरकार दस माह तक चली। 7 जनवरी को सईद का निधन हो गया था। 8 जनवरी से जम्मू एवं कश्मीर में राज्यपाल शासन लागू है।
भाजपा की बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह ने भी शिरकत की। वह कठुआ-ऊधमपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद हैं।
सूत्रों के अनुसार, राम माधव ने पार्टी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को हाल की घटनाओं और प्रधानमंत्री से पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की मंगलवार को हुई मुलाकात के बारे में बताया।
भाजपा सूत्र ने आईएएनएस से कहा, “कोई नई शर्त स्वीकार नहीं की गई है। पहले बने एजेंडे के आधार पर ही पीडीपी-भाजपा गठबंधन बना रहेगा।”
dharmpath.com dharmpath