हैदराबाद विश्वविद्यालय की घटना को लेकर तेलंगाना विधानसभा में हंगामा

हैदराबा, 26 मार्च (आईएएनएस)। हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय (एचसीयू) और उस्मानिया विश्वविद्यालय की घटनाओं को लेकर शनिवार को तेलंगाना विधानसभा में भारी हंगामा हुआ। विपक्षी सदस्यों ने इस मुद्दे पर पूर्ण बहस के लिए सदन की कार्यवाही बाधित की।

कांग्रेस और मजलिश-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन के सदस्य एचसीयू में छात्रों पर हुई पुलिस ज्यादती के मुद्दे पर बहस की मांग कर रहे थे, जबकि सरकार गृह विभाग के लिए अनुदान पर चर्चा के साथ इस मुद्दे को भी निपटाना चाह रही थी। नतीजा हुआ कि तीन बार सदन की कार्यवाही स्थगित हुई।

बाद में जब सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई तो कांग्रेस और एमआईएम के सदस्यों ने पीठासीन उपाध्यक्ष पद्मदेवेंदर रेड्डी से स्थगन प्रस्ताव की मांग करने लगे। लेकिन उन्होंने विपक्ष की मांग को ठुकरा दिया।

इस पर कांग्रेस और एमआईएम के सदस्य सदन के कूप के अंदर चले आए और सरकार से मांग करने लगे कि एचसीयू के छात्रों पर से मुकदमा हटाने की मांग पर सरकार जवाब दे।

कांग्रेस के सदस्यों ने उस्मानिया विश्वविद्यालय में अपने विधायक संपत कुमार की कार पर विगत 23 मार्च को हुए हमले का भी मुद्दा उठाया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने दोनों विश्वविद्यालयों की घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

के. चंद्रशेखर राव ने उस्मानिया विश्वविद्यालय में विधायक की कार पर हमले को निंदनीय बताया। लेकिन उन्होंने इस पर आश्चर्य जताया कि विधायक ने पुलिस में शिकायत क्यों नहीं दर्ज कराई?

केसीआर के नाम से मशहूर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन उन्होंने मुद्दों को उठाने के विपक्ष के तरीके पर आपत्ति जताई। राव ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उसे सिर्फ राजनीतिक लाभ उठाने में दिलचस्पी है।

उधर, एमआईएम के नेता अकबरूद्दीन ओवैसी ने कहा कि अनुदानों की मांग के साथ एचसीयू के मुद्दा पर चर्चा कराने की मुख्यमंत्री की सलाह दलितों का अपमान है।

विदित हो कि विगत 22 मार्च को पुलिस ने कुलपति राव का विरोध कर रहे 24 छात्रों और दो शिक्षकों को गिरफ्तार किया था।

छात्र संगठनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद छात्रों की पिटाई की।

इस बीच तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष उत्तम कुमार रेड्डी ने आरोप लगाया है कि उस्मानिया विश्वविद्यालय में पुलिस ने विधायक की कार पर हमला किया था।

उन्होंने कहा कि पुलिस कांग्रेस के छात्र नेताओं को थाने बुलाकर परेशान कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493