भोपाल, 26 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जन्मस्थली महू में 14 अप्रैल को उनकी 125वीं जयंती पर ‘ग्राम उदय से भारत उदय’ अभियान की शुरुआत करेंगे। यह अभियान 31 मई तक चलेगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अभियान को मूर्तरूप देने की कार्य-योजना बनाने के लिए शनिवार को बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री चौहान ने राजधानी भोपाल में एक बैठक में अभियान की रूपरेखा बताई और उस पर अमल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य गांव और गांववासियों की तरक्की की योजना की मैदानी हकीकत जानना और उनमें जरूरी सुधार कर हरेक पात्र हितग्राही को योजना से लाभान्वित कराना एवं ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देना है। इससे सुशासन के लिए प्रशासन को और पारदर्शी बनाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने बताया कि संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जन्मस्थली महू में उनकी 125वीं जयंती पर 14 अप्रैल को कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी शामिल होंगे। मोदी ‘ग्राम उदय से भारत उदय अभियान’ का शुभारंभ करने के बाद ई-कृषि मंडी का भी शुभारंभ करेंगे।
dharmpath.com dharmpath