मोदी अच्छे अभिनेता, जनता को उनका अभिनय पसंद: गोगोई

तिताबार (असम), 27 मार्च (आईएएनएस)। असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा में वाकयुद्ध तेज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तरुण गोगोई पर असम के मुख्यमंत्री के रूप में 15 साल के शासनकाल में जनता को धोखा देने का आरोप लगाया था। उसके कुछ घंटे बाद ही मुख्यमंत्री गोगोई ने मोदी को एक बहुत अच्छा अभिनेता करार दिया और कहा कि लोग मोदी के अभिनय को पसंद करते हैं लेकिन उन पर विश्वास नहीं करते।

गोगोई ने अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र तिताबार में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, “वह (मोदी) निश्चित ही एक बहुत अच्छे अभिनेता हैं। लोगों को केवल उनका अभिनय देखना पसंद है, इसीलिए लोग उन्हें सुनते हैं। लेकिन, वे उन पर (मोदी पर) भरोसा नहीं करते।”

उन्होंने कहा, “संपन्न वर्ग के अन्याय से लड़ने की मोदी में हिम्मत नहीं है। वह केवल रोहित वेमुला और कन्हैया कुमार जैसे गरीबों को परेशान कर सकते हैं। पंद्रह लाख का सूट कौन पहनता है? मैंने तो कभी ऐसा सूट देखा भी नहीं है।”

गोगोई ने कहा, ” मेरा बचपन क्षेत्र के चाय बागानों और गांवों में बीता है। मैंने दूर दराज के इलाकों को बहुत करीब से देखा है। मैं उनके दर्द, खुशी और अपेक्षाओं को महसूस कर सकता हूं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “मोदी ने मुझे बूढ़ा आदमी कहकर मेरा मजाक उड़ाया है, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि हो सकता है कि मेरी उम्र ज्यादा हो लेकिन मुझमें अब भी अपने राज्य की जनता के लिए काम करने की क्षमता है। मुझमें अब भी 50 साल के नेता की तरह काम करने की क्षमता है। यही कारण है कि असम की जनता चाहे वह पुरुष हो या महिला, चाहे किसी भी जाति और धर्म की हो, मेरे साथ है। राज्य में कांग्रेस की जीत स्वभाविक है और इसे कोई रोक नहीं सकता।”

मोदी ने असम में शनिवार और रविवार की जनसभाओं में कहा कि वह गोगोई का सम्मान करते हैं जो कुछ सालों में 90 वर्ष के हो जाएंगे।

गोगोई ने कहा, “भाजपा मुझे अक्षम मुख्यमंत्री बताती है और विकास के लिए पुरस्कार भी देती है। कुछ ही माह पहले ‘इंडिया टुडे’ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य में सड़क और परिवहन क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए मुझे पुरस्कृत किया था।”

उन्होंने बताया कि इंडिया टुडे के सर्वेक्षण में यह कहा गया है कि असम भारत के राज्यों में विकास के मामले में जहां 19वें स्थान पर था, वह अब सातवें स्थान पर पहुंच गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493