नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। ब्रसेल्स में 22 मार्च को हुए आतंकवादी हमले के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बुधवार को होनेवाली बेल्जियम यात्रा के दौरान बातचीत होगी।
मोदी वहां भारत-यूरोपीय संघ सम्मेलन में भाग लेने जा रहे हैं। मोदी की बेल्जियम, अमेरिका और सऊदी अरब की पांच दिवसीय यात्रा की शुरुआत 30 मार्च को होगी।
विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने उनकी यात्रा के बारे में कहा, “प्रधानमंत्री की ब्रसेल्स यात्रा के दौरान बेल्जियम में हुए हमलों के बारे में बातचीत होगी।”
ब्रसेल्स के जावेंटेम हवाईअड्डे और मालबीक मेट्रो स्टेशन पर हुए हमले में 30 लोग मारे गए थे और 270 लोग घायल हुए थे।
ब्रसेल्स में मोदी बेल्जियम के शीर्ष नेताओं से मिलेंगे और 13वें भारत-यूरोपीय संघ सम्मेलन में शामिल होंगे। भारत-यूरोपीय संघ का पिछला सम्मेलन 2012 में हुआ था।
मोदी उसके बाद वाशिंगटन जाएंगे, जहां वह परमाणु सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेंगे। वहां उनकी मुलाकात पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ से होनेवाली है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने हालांकि मोदी-शरीफ मुलाकात के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
विकास स्वरूप ने कहा, “निश्चित रूप से प्रधानमंत्री परमाणु सुरक्षा सम्मेलन से इतर कुछ द्विपक्षीय वार्ताएं भी करेंगे। इन बैठकों पर काम जारी है। यह दोनों नेताओं के कार्यक्रम पर निर्भर करेगा।”
dharmpath.com dharmpath