हैदराबाद, 28 मार्च (आईएएनएस)। हैदराबाद विश्वविद्यालय में प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए 25 छात्रों और दो अध्यापकों को यहां एक अदालत ने सोमवार को जमानत दे दी।
पिछले सप्ताह 22 मार्च को इन छात्रों और अध्यापकों ने हैदराबाद विश्वविद्यालय में कुलपति के तौर पर पी.अप्पा राव की छुट्टियों के बाद वापसी के खिलाफ प्रदर्शन किया था। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
मियापुर में 25वें महानगर दंडाधिकारी की अदालत ने विश्वविद्यालयों के छात्रों और संकाय सदस्यों की जमानत याचिका पर आदेश सुनाया। तेलंगाना सरकार की ओर से जमानत याचिका पर किसी प्रकार की आपत्ति न जताए जाने के कारण सभी को जमानत मिल गई।
इसके साथ ही अदालत ने प्रत्येक को निजी मुचलके के तौर पर 5-5 हजार रुपये जमा करने और मामले के निपटारे तक प्रत्येक सप्ताह गचिबोव्ली पुलिस थाने में हाजिरी लगाने का आदेश दिया है।
उम्मीद जताई जा रही है कि चेरलापल्ली जेल में बंद छात्रों और संकाय सदस्यों को देर सोमवार या मंगलवार को रिहा किया जा सकता है।
छात्रों का एक समूह दलित शोधछात्र रोहित वेमुला की हत्या के लिए कुलपति राव को जिम्मेदार मानते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।
dharmpath.com dharmpath