मणिपुर कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त

इम्फाल, 29 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को मणिपुर विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष टी.एन. हाओकिप को तत्काल प्रभाव से पार्टी की राज्य इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। इसके साथ ही असंतुष्टों के उस समूह की यह पहली जीत हुई है, जो पार्टी में एक व्यक्ति एक पद की मांग कर रहे थे।

गौरतलब है कि 48 सदस्यीय कांग्रेस विधायक दल में 25 असंतुष्ट काफी समय से राज्य में एक व्यक्ति एक पद की मांग कर रहे हैं।

कुछ असंतुष्टों ने आईएएनएस से कहा कि मंत्रिमंडल में भी जल्द ही फेरबल हो सकता है।

उपमुख्यमंत्री गैखंगम काफी समय से राज्य इकाई के अध्यक्ष हैं।

गांधी ने कुछ दिनों पूर्व असंतुष्टों की बात सुनने के लिए असंतुष्टों के एक समूह से मुलाकात की थी।

उसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह और गैखंगम से मुलाकात की थी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्वोत्तर के पार्टी प्रभारी वी. नारायणसामी को असंतुष्टों की मांगों पर विचार करने का विशेष निर्देष दिया गया था।

मणिपुर में अगले वर्ष फरवरी में चुनाव होगा।

असंतुष्टों की दूसरी मांग सभी 11 मंत्रियों को हटाने और उनके स्थान पर उन्हें नियुक्त करने की है। वे कुछ संवैधानिक और राजनीतिक पद की भी मांग कर रहे हैं, क्योंकि उन सभी को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया जा सकता।

लेकिन पार्टी नेताओं का कहना है कि सभी मंत्रियों को हटाना संभव नहीं है, क्योंकि वे कुछ ऐसे समुदायों से हैं, जिन्हें उपेक्षित नहीं किया जा सकता।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493