अंबिकापुर, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिला अस्पताल में शनिवार सुबह 25 वर्षीय एक महिला ने पांच बच्चियों को जन्म दिया, वह भी ऑपरेशन से नहीं, बल्कि सामान्य प्रसूति (नॉर्मल डिलीवरी) के जरिए। प्रसव लगभग छह महीने में ही हो गया।
लखनपुर ब्लॉक के बिनकारा निवासी महेश की पत्नी मनीता ने सुबह लगभग 11 बजे पांच बच्चियों को जन्म दिया। नवजात बच्चियों का वजन एक से लेकर डेढ़ किलो बताया गया है। नवजात बच्चियों को फिलहाल गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया है।
अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, करीब छह माह में ही प्रसूति हो जाने के कारण स्पेशल केस मानते हुए मनीता को लेबर वार्ड में ही चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है। उसकी पांचों बच्चियों की हालत अच्छी बताई गई है। चिकित्सकों की टीम इनकी निगरानी कर रही है।
यह मनीता का दूसरा प्रसव है। पहली बार जन्म के बाद नवजात की मौत हो गई थी। डॉक्टरों के अनुसार, अभी जच्चा और बच्चियों की हालत पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
dharmpath.com dharmpath