भैयाजी जोशी पर दर्ज हो देशद्रोह का मुकदमा : पुनिया

लखनऊ/बाराबंकी, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस के दिग्गज नेता और सांसद पी.एल. पुनिया ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सह सरसंघचालक भैयाजी जोशी के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि ‘जन-गण-मन’ गाने से देशप्रेम का भाव पैदा नहीं होता, ऐसा कहकर जोशी ने राष्ट्रगान का अपमान किया है। ऐसा बयान देशद्रोह की श्रेणी में आता है।

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व अनूसुचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष पी.एल. पुनिया ने सोमवार को बाराबंकी में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान यह बात कही।

उन्होंने कहा, “भैयाजी जोशी भगवाध्वज की आड़ में राष्ट्रीय ध्वज को अपमानित कर रहे हैं, इसलिए उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए।”

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा, “भैयाजी जोशी एक के बाद एक विवादित बयान दे रहे हैं। उनका यह कहना कि जन-गण-मन गाने से लोगों के मन में देशप्रेम का भाव जागृत नहीं होता है, जबकि वंदे मातरम से मन में ऐसा भाव जागृत होता है। ऐसे ही जोशी ने कहा था कि भगवाध्वज, राष्ट्रीय ध्वज से कम नहीं है। यह देशद्रोह वाला बयान नहीं है तो क्या है?”

उन्होंने कहा, “वन्दे मातरम गाने से किसी को कोई मना नहीं कर रहा है, लेकिन इसकी आड़ में राष्ट्रगान और राष्ट्रध्वज को अपमानित करने की छूट नहीं दी जा सकती। यह सीधे तौर पर राष्ट्रध्वज का अपमान है, जिसकी शान में ‘जन-गण-मन’ गाया जाता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493