चेन्नई से चुनाव लड़ेंगी जयललिता, उम्मीदवारों का नाम घोषित किया (लीड-1)

चेन्नई, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। अन्नाद्रमुक की महासचिव और तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने सोमवार को घोषणा की कि वह चेन्नई के राधाकृष्णन नगर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी। वह यहीं से विधायक हैं।

जिस समय अन्य पार्टियां अन्य दलों के साथ सीटों का बंटवारा तय कर रही हैं, जयललिता ने तमिलनाडु, पुदुच्चेरी और केरल विधानसभा चुनाव के लिए अन्नाद्रमुक के उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।

जयललिता ने चेन्नई से चुनाव लड़ने का फैसला ऐसे समय में किया है, जब विपक्षी पार्टियां दिसम्बर में शहर में आई भारी बाढ़ को मुख्य चुनावी मुद्दा बनाना चाह रही हैं।

अन्नाद्रमुक तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों में से 227 पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी ने अपने गठबंधन साझेदारों को सात सीटें दी हैं।

पार्टी ने सूची में अधिकांश मंत्रियों को जगह दी है, वहीं कुछ निवर्तमान विधायकों के नाम इसमें शामिल नहीं हैं।

सूची में पनरुती एस. रामचंद्रन का नाम भी शामिल है, जो डीएमके को छोड़कर अन्नाद्रमुक में शामिल हुए हैं।

अन्नाद्रमुक पुदुच्चेरी में सभी 30 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और केरल में सात उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी।

वर्ष 2011 के चुनाव में अन्नाद्रमुक ने पुदुच्चेरी में एनआर कांग्रेस के साथ गठबंधन किया था। हालांकि चुनाव के बाद दोनों के बीच मतभेद पैदा हो गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493