भाजपा महिला मोर्चा की उप्र अध्यक्ष पार्टी से निष्कासित

लखनऊ , 4 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष मधु मिश्रा को पार्टी ने छह साल के लिये निष्कासित कर दिया है। होली मिलन समारोह में दिए गए एक विवादित बयान को लेकर पार्टी ने उनके खिलाफ यह कार्रवाई की है।

अलीगढ़ के अचल ताल रामलीला मैदान में परशुराम सेवा संस्थान की ओर से आयोजित समारोह में मधु मिश्रा ने बतौर मुख्य अतिथि विवादित बयान दिया था। मंच पर ब्राह्मण समाज के कई नेता भी थे।

मधु मिश्रा ने कहा था, “मैं माफी के साथ कहना चाहती हूं कि संविधान के बलबूते कुछ लोग ऊंचे पदों पर बैठ गए हैं और हम पर राज कर रहे हैं। ये वो लोग हैं, जो कभी हमारे जूते साफ किया करते थे। सांसद सतीश गौतम भी 40 साल आगे की सोच रहे हैं। डर सता रहा है कि कहीं हमारे बच्चों को जी-हजूरी न करनी पड़े।”

होली मिलन में की गई उनकी यह टिप्पणी देर रात तक सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। व्हाट्सएप व फेसबुक पर उनकी टिप्पणी का वीडियो चलने लगा। सोशल मीडिया पर भी टिप्पणी आने लगीं। इसके बाद सोमवार को मधु मिश्रा के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शहर के अलग-अलग जगहों पर उनके पुतले जलाए गए।

हालांकि, बाद में मधु मिश्र ने कहा कि वे सभी जातियों का सम्मान करती हैं, फिर भी किसी को लगता है कि उनकी भावनाएं आहत हुई हैं तो माफी मांग लेंगी।

मधु मिश्रा भले ही अपने बयान पर माफी मांगने को तैयार हों, लेकिन पार्टी चुनावी साल में कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने मधु मिश्रा को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

पार्टी प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने बताया कि मधु मिश्रा को उनके विवादित बयान की वजह से निष्कासित किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493