भुवनेश्वर, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। ओडिशा के 14 जिलों में मंगलवार को 100 आदर्श स्कूलों का उद्घाटन किया गया, जिनमें एक मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के विधानसभा क्षेत्र हिनजिली के सासन अंबागांव में स्थित है। इस स्कूल का उद्घाटन पटनायक ने स्वयं किया और अन्य 99 का ऑन लाइन घोषणा कर किया। इन स्कूलों में शिक्षा का माध्यम अंग्रेजी हैं।
ये स्कूल राज्य के कई प्रखंडों में स्थित हैं। पटनायक ने कहा, “ये स्कूल छात्रों को उनके दरवाजे पर शिक्षा देने में सहायक होंगे। मैं उम्मीद करता हूं कि ये आदर्श विद्यालय छात्रों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने में सहायक होंगे।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा आदर्श विद्यालय के तत्वावधान में सरकार ने सभी 314 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय खोलने का फैसला किया था। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि छात्रों को बेहतर शिक्षा पाने के लिए शहरों में नहीं जाना पड़े।
इस योजना के तहत प्रथम चरण में 100 प्रखंडों में अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले गए हैं। शेष प्रखंडों में बाद के चरणों में स्कूलों की स्थापना होगी।
इन स्कूलों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रमों का अनुसरण होगा। पाठ्यक्रमों की पहली भाषा अंग्रेजी और दूसरी भाषा उड़िया होगी।
बहरहाल, शुरुआत में इन स्कूलों में छठी, सातवीं और आठवीं कक्षा में छात्रों को प्रवेश मिलेंगे। 50 फीसदी सीटें लड़कियों के लिए आरक्षित की गई हैं। इन स्कूलों के लिए 905 शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है।
आदर्श स्कूलों में शिक्षक-छात्र अनुपात, आधारभूत संरचना और पठन-पाठन की सुविधाएं केंद्रीय विद्यालयों जैसी हैं।
dharmpath.com dharmpath