भोपाल, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर ने यहां मंगलवार को कहा कि संविधान में कहीं भी नहीं लिखा है कि ‘भारत माता की जय’ बोलो।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में चल रहे कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने आए अय्यर ने संवाददाताओं से कहा, “हम जय हिंद कहते हैं और भारत माता की जय भी बोलते हैं, लेकिन ऐसा संविधान में नहीं लिखा है।”
अय्यर ने कहा कि आज देशप्रेम दिखाने के लिए ‘भारत माता की जय’ बोलना पड़ता है, साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि अगर चोर-डाकू भारत माता की जय बोलेंगे तो वह देशभक्त हो जाएंगे?
उन्होंने आगे कहा कि पंचायत राज व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है, अब ग्राम सभाएं होती ही नहीं हैं। सरपंच ग्राम सभाओं के नाम पर घर पर ही बैठकें कर लेते हैं जिसमें ग्रामीणों की भागीदारी नहीं होती, जबकि पंचायत राज में ग्रामीणों का अधिकार है कि फैसलों में उनकी भागीदारी हो।
dharmpath.com dharmpath