बिहार : आग से झुलस कर 4 की मौत

पटना, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के सीतामढ़ी और कैमूर जिले में बुधवार को आग लगने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई जबकि झुलसने से तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

सीतामढ़ी जिले के रूनीसैदपुर थाना क्षेत्र के मौला गांव में आग लगने से 50 से अधिक घर जलकर राख हो गए। इस अगलगी की घटना में लाखों रुपये की संपत्ति जल गई वहीं आग से झुलसकर दो महिलाओं की मौत हो गई।

रूनीसैदपुर के थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

इधर, कैमूर जिले के मोहनिया थाना के मोहम्मदपुर गांव में आग से झुलसकर दो बच्चियों की मौत हो गई। आग लगने के बारे में बताया जाता है कि रमेश राम के घर में लोग खाना बना रहे थे। इसी दौरान तेज हवा के कारण घर में आग लग गई।

मोहनिया के थाना प्रभारी राम सिंह ने बताया कि इस अगलगी की घटना में रमेश राम की पुत्री अंकिता (8) और रामजी राम की पुत्री कश्मीरा (10) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में तीन लोग बुरी तरह झुलस गए हैं, जिनका इलाज भभुआ के सदर अस्पताल में चल रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493