उप्र : हिमांशी की मौत मामले में बसपा सांसद को 14 दिन की न्यायिक हिरासत

गाजियाबाद, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। बहू हिमांशी की रहस्यमय मौत के बाद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप, उनकी पत्नी और बेटे सागर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को हिमांशी का शव मिलने के बाद उसके मायके वालों ने नरेंद्र कश्यप और उनके परिवार पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।

पुलिस ने नरेंद्र कश्यप के बेटे सागर को बुधवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार शाम को ही सागर के पिता और उनकी मां देवेंद्री को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। हालांकि सीने में दर्द की शिकायत के बाद नरेंद्र को यशोदा हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया था।

गुरुवार दोपहर में अस्पताल से छूटते ही उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया और कोर्ट में पेश किया। जज ने नरेंद्र कश्यप को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

हिमांशी के पिता हीरालाल कश्यप का आरोप है कि शादी के चौथे दिन से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था। दहेज में 50 लाख रुपये की मांग की जाने लगी थी। नगदी के साथ ही जेवर और लग्जरी कार मांगी जाती थी। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था।

गाजियाबाद के पुलिस अधीक्षक (शहर) सलमान ताज ने कहा कि हिमांशी के परिजनों की तरफ से शिकायत मिलने के बाद गुरुवार को यह कार्रवाई की गई। उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तारी के बाद सांसद नरेंद्र ने हालांकि कहा कि उन्होंने अपनी बहू के साथ कुछ भी गलत नहीं किया था। उन्होंने कहा, “मैंने बिना दहेज के शादी की थी। बेटा एमबीबीएस है। दहेज का आरोप पूरी तरह से गलत है।”

गौरतलब है कि बसपा सांसद नरेंद्र कश्यप की पुत्रवधु हिमांशी की बुधवार को संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई थी। इस संबंध में हिमांशी के परिजनों ने सांसद नरेंद्र कश्यप, उनकी पत्नी देवेंद्री और बेटे सागर के खिलाफ दहेज और हत्या का मामला दर्ज कराया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493