शिमला, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। आठ दिवसीय नवरात्र महोत्सव शुरू होते ही शुक्रवार को हिमाचल के मंदिरों में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
ब्रजेश्वरी देवी मंदिर के एक अधिकारी ने कहा कि महोत्सव के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए प्रतिदिन करीब 25 हजार श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। महोत्सव के अंतिम दो दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए मंदिर रात के ढाई बजे तक खुला रहेगा, जबकि सामान्यत: रात के 10 बजे बंद हो जाता है।
उत्सव का समापन रामनवमी के साथ 15 अप्रैल को होगा।
उत्तर भारत में ब्रजेश्वरी देवी मंदिर की महिमा बहुत अधिक है। पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से श्रद्धालु मां का दर्शन करने आते हैं।
मां ब्रजेश्वरी देवी मंदिर के अलावा उना जिले के चिंतापूरनी मंदिर, हमीरपुर जिले के बाबा बालकनाथ मंदिर, बिलासपुर जिले के नैना देवी मंदिर, कांगड़ा जिले के ज्वाला जी और चामुंडा देवी मंदिर और शिमला जिले के भीमकाली और हतेश्वरी मंदिर में भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन करने आते हैं।
dharmpath.com dharmpath