केंद्रीय मंत्री सांपला पंजाब भाजपा के अध्यक्ष नियुक्त

चंडीगढ़, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री और दलित नेता विजय सांपला को शुक्रवार को पंजाब भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। राज्य में एक साल से भी कम समय में विधानसभा चुनाव होने वाला है।

सांपला होशियारपुर सुरक्षित क्षेत्र से पहली बार चुनाव जीते हैं। वह दलितों में रविदासिया समुदाय से हैं।

सांपला (54) को नवंबर 2014 को नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। लेकिन सांपला का अतीत एक मजदूर का है। खेतिहर मजदूर होने के अलावा उन्होंने पंजाब और सऊदी अरब में खेतों में काम किया।

केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद सांपला ने कहा था, “मैंने खेतों में काम किया है, पल्लेदारी की है। मैं 11 वर्षो तक सऊदी अरब में रहा, जहां मजदूर का काम किया। मैंने राजमिस्त्री और प्लंबर(नलकार) के साथ काम किया। मैं प्लंबर और राजमिस्त्री बन गया।”

सांपला ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की बैठकों में जाना शुरू किया और 1998 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।

विदित हो कि पंजाब में दलितों की जनसंख्या 31 प्रतिशत है जो अन्य राज्यों की तुलना में सर्वाधिक है।

राज्य में 2007 से शिरोमणि अकाली दल और भाजपा की गठबंधन सरकार है।

अगले साल फरवरी में राज्य में 117 सदस्यीय विधानसभा का चुनाव होना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493