बंगाल में वाम दलों से समझौते पर त्रिपुरा कांग्रेस के नेताओं का इस्तीफा

अगरतला, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। त्रिपुरा के कांग्रेस विधायक दल के नेता सुदीप रॉय बर्मन के इस्तीफा देने के कुछ ही घंटों बाद चार अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भी इस्तीफा दे दिया है।

ये सभी नेता अपनी पार्टी के बंगाल में वाम दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के निर्णय से खफा हैं।

त्रिपुरा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष आशीष साहा, राज्य के युवक कांग्रेस के अध्यक्ष सुशांता चौधरी, पश्चिमी त्रिपुरा लोकसभा क्षेत्र युवक कांग्रेस अध्यक्ष विकी प्रसाद और पूर्वी त्रिपुरा लोकसभा क्षेत्र के युवक कांग्रेस अध्यक्ष रांतु देव ने पार्टी के पदों से इस्तीफा दे दिया है।

उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेज दिया है।

त्रिपुरा विधायक दल के नेता सुदीप रॉय बर्मन जो कि राज्य विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष हैं, ने पश्चिम बंगाल में वाम दलों के साथ अपनी पार्टी के समझौते के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

असंतुष्ट कांग्रेसी नेताओं में से एक साहा ने आईएएनएस को बताया, “कांग्रेस के वाम दलों के साथ मिलने का राज्य और राष्ट्रीय दोनों स्तर पर नकारात्मक असर होगा और ज्यादातर कांग्रेस इस फैसले से नाखुश है।”

साहा ने कहा, “वाम दलों द्वारा शासित त्रिपुरा में हम असली वामविरोधी समूह हैं।”

इस दौरान त्रिपुरा कांग्रेस अध्यक्ष बिराजित सिन्हा के साथ कुछ अन्य नेताओं ने कहा कि वे केंद्रीय नेताओं के वाम दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के फैसले के साथ खड़े हैं।

सिन्हा, जो कि वर्तमान विधायक के साथ पूर्व मंत्री भी हैं, ने कहा, “हम हाईकमान के फैसले के साथ हैं। कुछ कांग्रेसी नेताओं ने इसके विरोध में इस्तीफा दिया है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।”

राजनीतिक हलकों में यह चर्चा है कि बर्मन और साहा के करीबी कुछ और भी कांग्रेसी नेता पार्टी में अपने पदों से इस्तीफा दे सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493