मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत यात्रा पर आ रहे ब्रिटिश शाही दंपति प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी राजकुमारी केट मिडलटन के लिए विशेष तोहफा खरीदने के लिए मुंबई के प्रसिद्ध डब्बावाले गुरुवार को खरीददारी करने निकले।
केट और विलियम का भारत दौरा रविवार से शुरू हो रहा है। एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
‘नूतन मुंबई टिफिन बॉक्स सप्लायर एसोसिएशन (एनएमटीबीएसे)’ के प्रवक्ता सुभाष तालेकर ने आईएएनएस को बताया, “हम केट और विलियम का उसी पारंपरिक रूप से स्वागत करेंगे, जैसे एक मराठी ‘मुलगा (बेटा)’ और बहू का किया जाता है और उन्हें कई खास तोहफे भी देंगे।”
इस योजनाबद्ध स्वागत के पीछे का कारण बताते हुए तालेकर ने कहा कि डब्बावालों के दो सदस्यों -रघुनाथ मेडगे और सोपान मरे- को ब्रिटिश शाही दंपति की शादी में आमंत्रित किया गया था।
तालेकर ने कहा, “उस दौरान ब्रिटिश शाही परिवार ने उन्हें परिवार के सदस्यों जितना तवज्जो दिया था। अब 11 साल बाद विलियम और उनकी पत्नी पहली बार भारत आ रहे हैं, तो हम उनका स्वागत एक बेटे और बहू की तरह करेंगे।”
करीब दर्जन भर डब्बावाले अपनी पत्नियों के साथ गुरुवार को मुंबई के दादर में खरीददारी के लिए गए। इस दौरान उन्होंने केट के लिए महाराष्ट्र की दुल्हन को दी जाने वाली एक खास पेथानी साड़ी और विलियम के लिए एक पगड़ी खरीदी।
उनके स्वागत के लिए स्वीकृति लेने हेतु सभी डब्बावाले ब्रिटिश उप उच्चायोग के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं।
तालेकर ने कहा कि अगर उन्हें अनुमति नहीं मिलती है, तो वे इन तोहफों को ब्रिटिश उच्चायोग के जरिए उन्हें देंगे।
इससे पहले 2003 में भारत यात्रा के दौरान प्रिंस चार्ल्स ने मुंबई में अपने दौरे के दौरान इन डब्बावालों के साथ समय व्यतीत किया था और उनके कार्य से काफी खुश हुए थे।
भारत में अपनी यात्रा के दौरान केट और विलियम देश के जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए धन जुटाने के मकसद से तीन संगठनों ‘मैजिक बस’, ‘डोरस्टेप’ और ‘इंडियाज चाइल्डलाइन’ द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके बाद वे दिल्ली में अपने प्रवास के दौरान मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित दोपहर भोज में भी शामिल होंगे।
इस दौरान ब्रिटिश शाही दंपति इंडिया गेट और गांधी स्मृति भी जाएंगे।
इसके बाद भूटान की यात्रा पर जाने से पहले वे असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा भी करेंगे।
भूटान की यात्रा के बाद ब्रिटेन रवाना होने से पहले केट और विलियम भारत की ऐतिहासिक इमारत ताज का दौरा भी करेंगे।
dharmpath.com dharmpath