‘असम चुनाव : दूसरे चरण में भाजपा गठबंधन को 30-40 सीटें’

ददगिरि(असम), 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) प्रमुख हाग्रामा मोहिलारी ने कहा है कि असम विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला गठबंधन 30-40 सीटें हासिल करेगा।

दूसरे चरण का मतदान सोमवार को होगा।

मोहिलारी ने शनिवार को भारत-भूटान सीमा से सटे चिरांग जिले में स्थित ददगिरि में एक रैली को संबोधित करने के बाद आईएएनएस से यह बात कही।

बीपीएफ प्रत्याशी चंदन ब्रह्मा के लिए चुनाव प्रचार करते हुए मोहिलारी ने कहा कि बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) इलाकों में उनके खिलाफ कोई ‘सत्ता विरोधी कारक नहीं है।’ उन्होंने साथ ही कहा कि भाजपा यहां सभी 13 विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल करेगी।

मोहिलारी ने कहा, “बोडोलैंड में बीपीएफ के अलावा और कोई नहीं है। हम उन सभी 13 सीटों पर जीतेंगे, जहां हमने अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं।”

उन्होंने कहा, “हमने बोडोलैंड के इलाकों में विकास के लिए इस बार भाजपा से गठबंधन किया है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित कई भाजपा नेताओं से मिल चुका हूं। उन्होंने असम के बोडो इलाकों में विकास के लिए पूरी मदद का आश्वासन दिया है।”

बीपीएफ, कांग्रेस नेतृत्व वाली राज्य सरकार में 2006 से साझेदार रही थी और तरुण गोगोई के मंत्रिमंडल में बीपीएफ नेताओं को शामिल किया गया था।

हालांकि 2014 में कांग्रेस और बीपीएफ में मतभेद शुरू हो गए और बोडो पार्टी ने कांग्रेस से दूरी बना ली।

भाजपा ने एक अन्य क्षेत्रीय पार्टी असम गण परिषद (अगप) से भी गठबंधन किया है।

एजीपी दो कार्यकालों के लिए सत्ता में रही थी, जबकि बीपीएफ बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) पर काबिज है, जिसके अधीन चार जिले – कोकराझार, चिरांग, बक्सा और उदलगुड़ी हैं।

विधानसभा चुनाव के पहले चरण में चार अप्रैल को 82.20 प्रतिशत मतदान हुआ था।

असम में 2001 से सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ जाहिर तौर पर सत्ता विरोधी कारक है और भाजपा को इस बार यहां बड़ी जीत की उम्मीद है।

सत्तारूढ़ कांग्रेस का गठबंधन बोडोलैंड की एक अन्य स्थानीय पार्टी युनाइटेड पीपुल्स पार्टी (यूपीपी) से है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493