कोल्लम, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल में कोल्लम जिले के परावूर स्थित पुत्तिंगल मंदिर में रविवार तड़के आतिशबाजी से लगी भीषण आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 86 हो गई है। अग्निकांड रविवार तड़के 3.30 बजे हुआ।
मंदिर परिसर में चल रहे उत्सव को कवर कर रहे एशियानेट न्यूज टीवी के लल्लू एस.पिल्लई ने आईएएनएस को बताया कि यह भयावह घटना होने में सिर्फ कुछ ही मिनट लगे।
पिल्लई ने कहा, “मैं अपने दोस्त के घर की छत से लगभग 150 मीटर की दूरी से इस आयोजन को देख रहा था। आतिशबाजी हो रही थी। इसी बीच एक जला हुआ पटाखा उस इमारत में जा गिरा, जहां उच्च क्षमता के पटाखे रखे हुए थे। कुछ ही मिनटों में हमने महसूस किया कि वह जगह हिल रही है।”
पिल्लई ने कहा, “इसके बाद वहां एकदम से कोहराम मच गया। कंकरीट के टुकड़े पूरी जगह में फैल गए। यहां तक कि 500 से अधिक दूरी पर टैक्सी स्टैंड पर भी कंकरीट के टुकड़े पाए गए।”
वहां से आधे किलोमीटर के दायरे में आने वाले कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आतिशबाजी आधी रात के समय शुरू हुई और जब ये आतिशबाजी खत्म होने वाली थी तो पटाखे की चिंगारी उस इमारत में जा गिरी, जहां उच्च क्षमता के पटाखे रखे हुए थे। इस वजह से भारी विस्फोट हुआ और आग लग गई।
स्थानीय विधायक पी.के.गुरुदासन के मुताबिक, वहां कोई आतिशबाजी प्रतियोगिता नहीं हो रही थी, बल्कि कुछ लोग आतिशबाजी कर रहे थे, जो आमतौर पर किसी भी मंदिर के आयोजन में होता है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि आतिशबाजी की अनुमति दी गई थी या नहीं।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री वी.एस.शिवकुमार ने कहा कि घायलों को तिरुवनंतपुरम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है।
शिवकुमार के मुताबिक, “कोल्लम के अस्पतालों में कई लोगों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग जरूरी इलाज के लिए हरसंभव मदद को तैयार है।”
केरल के गृहमंत्री रमेश चेन्नीथला ने कहा कि यह आग रविवार तड़के 3.30 बजे लगी। उन्होंने मृतकों और घायलों को मुआवजा देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस मामले की न्यायिक जांच जल्द ही शुरू की जाएगी।
आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और मलबे को हटाने के लिए भारी उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
केरल के मुख्यमंत्री ओमन चंडी जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचेंगे। उन्होंने मुख्य सचिव से चुनाव आयोग के संपर्क में रहने को कहा है, ताकि राज्य सरकार पीड़ितों को तत्काल मदद की घोषणा कर सके।
कोल्लम से लोकसभा सदस्य एन.के.प्रेमचंद्रन ने घटनास्थल का दौरा किया और घायलों को उचित मुआवजे के साथ नि:शुल्क इलाज दिए जाने की मांग की।
dharmpath.com dharmpath