कोलकाता, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बांग्लादेश सीमा के पास एक महिला को हिरासत में लिया गया, जिसके पास से 33 लाख रुपये मूल्य का सोना जब्त किया गया।
सीमा शुल्क विभाग के साथ एक संयुक्त अभियान में बीएसएफ की 76वीं बटालियन के जवानों ने तस्लीमा खातून को तराली सीमा चौकी इलाके में दबोच लिया।
बीएसएफ के एक अधिकारी ने कहा, “खुफिया जानकारी के आधार पर हमने एक बस को रोका, जिसमें तस्लीमा खातून यात्रा कर रही थी। सोने के 10 बिस्किट उसके पास से बरामद हुए, जिनका वजन 1,164 ग्राम और कीमत 33.33 लाख रुपये है। महिला को जब्त सोने के साथ पुलिस को सौंप दिया गया।”
बीएसएफ दक्षिण बंगाल के सीमांत इलाके से इस वर्ष अबतक छह स्वर्ण तस्करों को गिरफ्तार कर चुका है और उनके पास से 1.18 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त कर चुका है।
dharmpath.com dharmpath