कोलकाता, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकीं पूर्व धाविका और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की उम्मीदवार ज्योतिर्मयी सिकदर ने घोषणा की है कि उनकी निजी संपत्ति लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की है।
दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से माकपा उम्मीदवार व पूर्व सांसद ने वर्ष 2015-16 की अपनी वार्षिक आय 5.96 लाख रुपये घोषित की है।
उनकी चल संपत्ति 20.47 लाख रुपये मूल्य की है, जिसमें 2.40 लाख रुपये उनके बैंक खाते में है, 10 लाख रुपये मूल्य के दो वाहन हैं और सात लाख रुपये की कीमत के आभूषण हैं।
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, बतौर अचल संपत्ति उनके पास सॉल्ट लेक में स्थित एक तीन मंजिली रिहायशी इमारत है, जिसे उन्होंने वर्ष 1999 में 48,000 रुपये में खरीदा था। यह संपत्ति अहस्तांतरणीय है, इसलिए इसका कोई बाजार मूल्य नहीं है।
उनके पति अवतार सिंह की वार्षिक आय 2.99 लाख रुपये है। उनके पास 2.93 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति और अधिकतम 33.75 लाख रुपये की चल संपत्ति है।
dharmpath.com dharmpath