चेन्नई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के अध्यक्ष एम. करुणानिधि तमिलनाडु में रिकॉर्ड 13वीं बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया गया कि वह 23 अप्रैल से अपना प्रचार अभियान शुरू करेंगे।
93 वर्षीय द्रमुक अध्यक्ष तिरुवरुर विधानसभा क्षेत्र से 25 अप्रैल को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। यह क्षेत्र चेन्नई से 320 किलोमीटर दूर है। तमिलनाडु में 16 मई को चुनाव होने हैं।
23 अप्रैल को जनसभा को संबोधित करने के बाद से करुणानिधि मंच या प्रचार वाहन से 30 से अधिक जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
पांच बार मुख्यमंत्री रहे करुणानिधि वर्ष 1957 से आज तक किसी भी चुनाव में नहीं हारे हैं।
वर्ष 1962 में तंजावुर से जीतने के बाद करुणानिधि चेन्नई की एक विधानसभा सीट से लड़ते रहे। वर्ष 2011 में वह तिरुवरुर विधानसभा क्षेत्र चले गए।
द्रमुक, कांग्रेस और छोटे दलों के साथ गठबंधन करके इस चुनाव में उतर रही है।
dharmpath.com dharmpath