चंडीगढ़, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) व अरविंद केजरीवाल के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध-प्रदर्शन किया और आप नेतृत्व को सतलुज-यमुना संपर्क नहर के पानी पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
सभी जिला मुख्यालय, शहरों व कस्बों में प्रदर्शन का नेतृत्व पंजाब के मंत्रियों व पार्टी के विधायकों ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित आप नेतृत्व के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने विभिन्न जगहों पर केजरीवाल के पुतले भी जलाए और कहा कि आप नेतृत्व पानी के मुद्दे पर पंजाब के लोगों को भ्रमित कर रहा है।
राजस्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने अमृतसर में कहा, “केजरीवाल सहित आप नेतृत्व पंजाब के लोगों को भ्रमित कर रहा है। वे सतलुज-यमुना संपर्क नहर पर पंजाब में कुछ तो दिल्ली में कुछ बोलते हैं। केजरीवाल सरकार ही दिल्ली के गुरुद्वारा शीश गंज में प्याऊ को तोड़ने के लिए भी जिम्मेदार है।”
सत्तारूढ़ अकाली दल ने सतलुज-यमुना संपर्क नहर के पानी के मुद्दे पर केजरीवाल पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उस स्थिति में नहर का निर्माण नहीं होना चाहिए, जब उनकी सरकार सर्वोच्च न्यायालय में नहर के निर्माण पर हरियाणा सरकार के रुख का समर्थन करती है।
dharmpath.com dharmpath