नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक शादी समारोह से लौट रहे राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारी तंजील अहमद पर किए गए हमले में घायल उनकी पत्नी फरजाना खातून ने भी बुधवार को दम तोड़ दिया। वह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती थीं, जहां उन्होंने बुधवार को आखिरी सांस ली।
इस हमले में तंजील की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
तंजील पर यह हमला तीन अप्रैल की आधी रात को हुआ था, जब वह बिजनौर जिले में एक शादी समारोह में शिरकत करने के बाद पत्नी व दो बच्चों के साथ लौट रहे थे।
इस हमले में तंजील को 21 गोलियां लगी थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फरजाना को चार गोलियां लगी थीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
एनआईए के एक अधिकारी ने कहा कि फरजाना ने एम्स ट्रॉमा सेंटर के ‘इंटेंसिव केयर यूनिट’ में बुधवार सुबह 10.45 बजे दम तोड़ दिया।
अधिकारी ने आगे बताया, “चार गोलियां लगने के कारण गंभीर रूप से घायल फरजाना जिंदगी व मौत के बीच झूल रही थीं। जामिया मिलिया परिसर कब्रिस्तान में बुधवार शाम को करीब 6.30 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।”
फरजाना को घायल हालत में पहले नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया था, जिसके बाद उन्हें एम्स में स्थानांतरित किया गया।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में सहायक कमांडेंट अहमद 2010 के बाद से एनआईए में एक निरीक्षक के रूप में सेवा दे रहे थे।
dharmpath.com dharmpath