अहमदाबाद, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात सरकार जल संकट से निपटने के लिए कई कदम उठा रही है। यहां सौराष्ट्र और कछ क्षेत्र के बांधों में महज 10 फीसदी पानी बचा है। यह जानकारी गुरुवार को राज्य के जल आपूर्ति मंत्री विजय रूपानी ने दी।
सरकार ने सरदार सरोवर नर्मदा बांध नहर पर राज्य रिजर्व पुलिस बल के 147 कर्मियों को तैनात किया है ताकि पानी की चोरी रोकी जा सके।
राज्य के सूखे से प्रभावित ज्यादातर क्षेत्र नर्मदा बांध के पानी पर ही निर्भर हैं।
जल आपूर्ति मंत्री विजय रूपानी के मुताबिक सरकार ने जल संकट से निपटने के लिए कई कदम उठाए हैं।
रूपनी ने बताया, “लगातार दो साल से कमजोर मॉनसून के कारण सौराष्ट्र और कछ के बांधों में महज 10 से 11 फीसदी पानी ही बचा है, जबकि कई बांध सूख गए हैं।”
मंत्री ने कहा, “गुजरात में पहली बारिश 15 जून को होती है, तो हमें अभी दो महीने और इंतजार करना होगा। हमने जल संकट से निपटने के लिए कई कदम उठाए हैं। एक कंट्रोल रूम का गठन किया गया है जहां लोग पानी संबंधी शिकायतों को दर्ज करा सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश के आठ जिले जल संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं जिनमें अमरेली, जामनगर, देवभूमि-द्वारका, पोरबंदर, राजकोट और सौराष्ट्र का सुरेन्द्रनगर और पंचमहल तथा केंद्रीय गुजरात का दाहौद शामिल हैं।
उन्होंने दावा किया कि सूखे से जूझ रहे इलाकों में नर्मदा नहर से पानी की आपूर्ति की जा रही है और गुजरात के 10,000 गांवों को इस नहर से जोड़ा गया है।
dharmpath.com dharmpath